जिले में प्रस्तावित ‘सीतापुरम सैटेलाइट टाउनशिप’ को लेकर बुधवार को आयोजित प्रशासन और किसानों के संवाद कार्यक्रम का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया।
पुनौरा स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ गया और अधिकारियों को बिना बातचीत किए ही वापस लौटना पड़ा।
अधिकारियों के पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
जानकारी के अनुसार संवाद कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान वहां जुट गए थे। जैसे ही प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची, ग्रामीण उग्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन पर उनकी जमीन हड़पने का आरोप लगाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि किसी भी कीमत पर वे अपनी जमीन नहीं देंगे।
संवाद कार्यक्रम को बताया साजिश
विरोध कर रहे किसानों ने कहा कि प्रशासन संवाद के नाम पर लोगों को बरगलाने की कोशिश कर रहा है। ग्रामीणों का आरोप था कि सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना के जरिए उनकी पुश्तैनी जमीन छीनी जा रही है।
स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता गया। आखिरकार करीब 12:35 बजे अधिकारियों की टीम वहां से बैरंग लौट गई।
मुआवजा और जमीन खरीद पर होनी थी चर्चा
प्रशासन की ओर से पुनौरा पंचायत सरकार भवन में कैंप लगाकर सीतापुरम सैटेलाइट टाउनशिप से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। इसमें चिह्नित जमीन की खरीद-बिक्री, मुआवजा, आपत्तियां और सुझाव लेने की योजना थी।
अधिकारियों का उद्देश्य भूमि स्वामियों की समस्याओं का समाधान करना था, लेकिन विरोध के कारण कार्यक्रम शुरू ही नहीं हो सका।


