नोएडा से भोपाल में ब्याही गई त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। मामले में मृतका की सास और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह से पूछताछ के बाद अब एजेंसी की जांच का फोकस सीधे मुख्य आरोपित और त्विषा के पति समर्थ सिंह पर आ गया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के अगले चरण में सीबीआई एक अहम रणनीति पर काम कर रही है। एजेंसी पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य दोनों के बयानों में सामने आने वाले संभावित विरोधाभासों को पकड़ना और मौत से जुड़े तथ्यों की कड़ियों को जोड़ना है।
फिलहाल समर्थ सिंह कटारा हिल्स पुलिस की सात दिन की रिमांड पर है, जिसमें से चार दिन पूरे हो चुके हैं। ऐसे में आने वाले दिनों की पूछताछ को जांच की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
कोर्ट ने समर्थ को सीबीआई रिमांड पर सौंपा
बुधवार को सीबीआई जांच प्रक्रिया के तहत समर्थ सिंह को सबसे पहले भोपाल के जेपी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद दोपहर करीब ढाई उसे सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया। जांच एजेंसी ने अदालत से औपचारिक रूप से आगे की पूछताछ की अनुमति मांगी। इसके बाद अदालत ने समर्थ की रिमांडं सीबीआई को सौंप दी।
अदालती मंजूरी मिलने के बाद जांच एजेंसी घटना वाले दिन की पूरी गतिविधियों और घटनाक्रम को क्रमवार तरीके से समझने की कोशिश करेगी।
डिजिटल सबूतों पर भी CBI की पैनी नजर
मामले की जांच को तकनीकी आधार पर मजबूत करने के लिए सीबीआई ने मंगलवार को स्थानीय पुलिस से समर्थ सिंह का मोबाइल फोन, लैपटॉप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। अब एजेंसी इन डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रही है, जिससे मामले के अनसुलझे पहलुओं तक पहुंचने में मदद मिल सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

