देश के चार बड़े प्राइवेट बैंकों ने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी कटौती की है और 13000 एम्पलाइज कम कर दिए हैं। ICICI बैंक, HDFC बैंक, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक ने मिलकर FY26 में अपने कर्मचारियों की संख्या में 13,000 की कटौती की है। सबसे ज्यादा कटौती ICICI बैंक में देखने को मिली है। 31 मार्च, 2026 तक इसके स्थायी कर्मचारियों की संख्या 1,29,177 से घटकर 1,24,029 हो गई, यानी इसमें 5,148 की कमी आई। स्थायी कर्मचारियों के अलावा अन्य कर्मचारियों को मिलाकर, बैंक के कुल कर्मचारियों की संख्या में 6,633 की कमी आई।
ब्रांच बढ़ रही हैं फिर कटौती क्यों?
इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि भले ही ये लेंडर अपनी फिजिकल मौजूदगी बढ़ा रहे हैं, फिर भी नौकरियों में कटौती जारी है। ICICI बैंक ने FY26 में 528 ब्रांच जोड़ीं, जिससे उसका नेटवर्क बढ़कर 7,511 हो गया। HDFC बैंक ने 234 ब्रांच जोड़ीं और साल के आखिर तक उसके पास कुल 9,689 ब्रांच हो गईं। एक्सिस बैंक ने भी लगभग 400 जगहों पर अपनी ब्रांच का नेटवर्क बढ़ाया। कोटक ने 128 ब्रांच जोड़ीं।दरअसल, बैंक की शाखा वैसी नहीं दिखती जैसी एक दशक पहले दिखती थी। क्योंकि, रोज़मर्रा के लेन-देन अब मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, UPI, ATM और सेल्फ-सर्विस चैनलों पर होने लगे हैं। खाता खोलने, दस्तावेज़ों की जाँच, लोन प्रोसेस करने, पेमेंट करने और ग्राहकों से जुड़े कई कामों को अब डिजिटल तरीके से या सेंट्रलाइज़्ड ऑपरेशन्स के ज़रिए किया जा सकता है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

