CM मान की विवादित वीडियो पर नहीं थम रहा घमासान, कांग्रेस-बीजेपी के इस्तीफे की मांग पर मुख्यमंत्री का आया रिएक्शन

 पंजाब के सीएम भगवंत मान के एक कथित वायरल वीडियो को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर फर्जी फॉरेंसिक जांच को लेकर पंजाब सरकार पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सीएम मान ने इस घटनाक्रम पर फिर प्रतिक्रिया दी है।

भगवंत मान ने कहा कि फर्जी वीडियो के जरिए घटिया सियासी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कुछ और नहीं मिला तो उन्हें धार्मिक तौर पर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मान ने यह भी कहा कि लैब मालिकों को डराया जा रहा है और फर्जी वीडियो वायरल कर उन्हें दोषी ठहराया जा रहा है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘धार्मिक अपमान’ (बेअदबी) के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अकाली दल, कांग्रेस और बीजेपी की यह मिली-जुली कोशिश है कि मुझे धार्मिक रूप से बदनाम किया जाए, क्योंकि वे मुझे राजनीतिक रूप से हरा नहीं सकते; जब तक पंजाब के लोग मेरे साथ हैं, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

बीजेपी और कांग्रेस ने साधा निशाना

बीजेपी औक कांग्रेस ने साधा निशाना इससे पहले बीजेपी और कांग्रेस नेताओं ने कथित वीडियो को लेकर सीएम से इस्तीफे की मांग की थी। बुधवार को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मान की आलोचना की।

बता दें कि यह बयान तब आया जब हरियाणा पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। उन पर कथित वीडियो की फर्जी रिपोर्ट तैयार करने का आरोप है। जिसमें दावा किया गया था कि वायरल वीडियो नकली है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस्तीफे और सार्वजनिक माफी की मांग की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टीमुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से इस्तीफे की मांग करती है क्योंकि उन्होंने गुरु के हितों के खिलाफ काम किया है। उन्हें इस गलती के लिए पंजाब की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

क्या है मामला?

बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स सिख गुरुओं की तस्वीरों का अपमान करता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स को कथित तौर पर भगवंत मान बताया जा रहा है।

विवाद तब और बढ़ गया जब मंगलवार को गुरुग्राम से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों पर वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट में हेरफेर के लिए पंजाब के अधिकारियों से 10 लाख रुपये लेने का आरोप लगा है। एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित और अरुण के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *