Pakistan Train Blast: क्वेटा में रेलवे ट्रैक के पास हुए धमाके में 24 लोगों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

4.8kViews
1327 Shares

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक भीषण बम धमाके ने हड़कंप मचा दिया। क्वेटा में चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास सैन्य कर्मियों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाकर किए गए इस शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए।

समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार, क्वेटा में चमन फाटक के पास से जब एक ट्रेन गुजर रही थी, तभी विस्फोटकों से लदी कार ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मार दी। जिसके परिणामस्वरूप एक जोरदार धमाका हुआ। पीड़ितों में सेना के कई जवान भी शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह धमाका रेलवे ट्रैक के पास हुआ, जिससे ट्रेन को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसके प्रभाव से आसपास खड़ी कम से कम 10 गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

घटना स्थल के नजदीक स्थित इमारतों की खिड़कियां और कांच के पैनल भी पूरी तरह चकनाचूर हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों में सेना के जवान भी शामिल हैं।

अस्पतालों में आपातकाल घोषित

धमाके के बाद क्वेटा के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों को काम पर बुलाया गया है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहा कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

विस्फोट के तुरंत बाद, एहतियाती उपाय के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर ही रोक दिया गया। प्रांतीय गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि धमाके के बाद सभी संबंधित सुरक्षा संस्थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न जमा करें ताकि बचाव दल और आपातकालीन सेवाएं बिना किसी बाधा के अपना काम जारी रख सकें। फिलहाल, सुरक्षा बल और राहत टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य के साथ-साथ मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *