दलसिंहसराय में मजदूर का शव मिलने से हड़कंप, पत्नी ने मजदूरी विवाद में हत्या का आरोप लगाया

7.0kViews
1024 Shares

दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के कामरांव गांव में रविवार की सुबह मक्के के खेत से एक मजदूर का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

खेत में काम कर रहे लोगों को दुर्गंध आने पर शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान कामरांव निवासी मो. इजहार के 42 वर्षीय पुत्र मो. जब्बार के रूप में की गई।

शुक्रवार शाम से था लापता

स्वजन के अनुसार मो. जब्बार शुक्रवार की शाम से घर से गायब थे। परिवार के लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह खेत से शव मिलने की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अमीना खातून शव की पहचान होते ही बेसुध हो गईं।

मजदूरी को लेकर विवाद का आरोप

मृतक की पत्नी अमीना खातून ने गांव के ही एक व्यक्ति डा. अनिल कुमार महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरी के रुपये के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

आरोप है कि शुक्रवार की शाम करीब सात बजे मो. जब्बार मजदूरी का पैसा लेने डा. अनिल के घर गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे।

अमीना खातून ने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जानकारी के अनुसार मो. जब्बार परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटियां नजमा, अफरीन, फातमा, मरियम और एक छोटा पुत्र मुबारक है। परिवार का गुजारा मजदूरी और खेती से चलता था।

ग्रामीणों का कहना है कि जब्बार की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि स्वजन द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूछताछ के जरिए पूरे मामले का जल्द खुलासा करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *