भिवाड़ी में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में लगी आग, ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख सहम उठे लोग

5.8kViews
1824 Shares

भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित गिरधर रोलरेप प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई। आग रात करीब 10:30 बजे लगी और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

वहीं, आग की लपटें शहर में दूर-दूर तक दिखाई दी। रविवार सुबह 11 बजे तक दमकलकर्मी आग को बुझाने में लगे हुए हैं। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना निर्माण का कार्य होता है।

शुरुआती जांच के अनुसार, शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी। जिसके बाद फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक दाना का कच्चा माल रखा होने से आग तेजी से फैलती चली गई।

सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रीको फायर विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण शुरुआती प्रयासों में आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

इसके बाद तिजारा, खैरथल और खुशखेड़ा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गई। 25 से ज्यादा दमकलकर्मी देर रात तक आग बुझाने में जुटे हैं।

घटना की सूचना पर एडीएम सुमित्रा मिश्र सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही आग लगने के कारणों की जांच शुरू की जाएगी।

फिलहाल घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *