राजौरी जिले के डोरीमाल जंगलों में सुरक्षाबलों का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 2-3 पाकिस्तानी आतंकी होने की आशंका

 जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आज सुबह से ही हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। जिले के डोलीमाल जंगलों में दो से तीन आतंकियों के देखे जाने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

ऑपरेशन केे शुरूआत में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच संक्षिप्त गोलीबारी भी हुई परंतु अब काफी समय से फायरिंग बंद है। जंगल के घना होने की वजह से सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी के जवान धीरे-धीरे से आगे बढ़ रहे हैं।

विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि डोरीमाल के जंगलों में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारतीय सीमा में दाखिल हुए थे।

सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने शनिवार सुबह करीब 6 बजे इलाके की घेराबंदी कर जंगल के अंदर बढ़ना शुरू किया, तभी छिपे हुए आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी का यह सिलसिला कुछ देर चला परंतु उसके बाद दोनों आेर से फायरिंग शांत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों तरफ से अब फायरिंग काफी देर से बंद है। आतंकियों को चारों ओर से घेरने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को बुलाया गया है।

आतंकी भारी हथियारों से लैस

सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमें पक्की सूचना है कि ये आतंकी भारी हथियारों से लैस हैं। इन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ने तक ऑपरेशन जारी रहेगा।” प्रयास किया जा रहा है कि जंगल में छिपे आतंकियों के बच निकलने के सभी रास्ते बंद कर दिए जाएं। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क और घरों में रहने की सलाह दी गई है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षाबल बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं क्योंकि इलाका घना जंगल और पहाड़ी है, जिसका आतंकी फायदा उठा सकते हैं। यह मुठभेड़ राजौरी-पुंछ बेल्ट में पिछले कुछ महीनों में हुई कई आतंकी घटनाओं के बाद सामने आई है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। ऑपरेशन अभी जारी है और पल-पल की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *