नूंह में अब रात 10 बजे के बाद दुकान खोलने पर पाबंदी, लोग खूब कर SP के फैसले की तारीफ

 पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ.अर्पित जैन द्वारा नूंह जिले में रात्रि को दस बजे दुकान बंद करने के आदेश देने का क्षेत्र के लोगों ने स्वागत एवं सराहना की है। लोगों ने कहा एसपी के इन आदेशों से अब क्षेत्र के शहरों तथा गावों में युवाओं में सट्टा बाजी, जुआ खेलने एवं नशाखोरी करने की आदत कम होगी।

इसका सबसे बड़ा असर यह होगा की नशा करने के आदी हो चुके युवा नशा करने से बच सकेंगें। एसपी द्वारा जिले में साईबर अपराधियों, गोतस्करों, गोहत्यारों, नशा तस्करों पर कसे जा रहे शिकंजे की भी प्रशंसा की है।

अरावली जल बिरादरी मेवात, हरियाणा एवं राजस्थान के अध्यक्ष इब्राहिम खान ने कहा आज तक जिस पुलिस अधिकारी की नजर जिले में फैली जिन कुरीतियों पर नहीं पड़ी उन पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने ध्यान दिया है।

लोग पुलिस अधीक्षक की कर रहे सराहना

जब से उन्होंने जिला का प्रभार संभाला है और जिस गति से एक के बाद एक साईबर अपराधियों, गोतस्करों, गोहत्यारों, नशा तस्करों को दबोचना शुरु करवाया है वह प्रशंसनीय है।

उन्होंने कहा पहले मेवात के युवा इंटरनेट मीडिया पर अनाप- शनाप कुछ भी लिख देते थे लेकिन अब एसपी द्वारा उठाए जा रहे कठोर कदम के बाद युवा सोच समझकर सोशल मीडिया पर पोस्ट एवं कमेंट्स कर रहे हैं।

बारातों में सन रूफ खोलकर चलने, करोड़ों की मालाओं को किराए पर लाकर झूठी शान शौकत दिखाने वालों के विरुद्ध भी कार्यवाही करने के लिए उन्होंने जो कहा है वह भी प्रशंसनीय है।

रात में दस बजे के बाद दुकानें खोलने पर दस दुकानदार लिए हिरासत में

जिले के थाना रोजकामेव पुलिस ने पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देशों की अवहेलना कर रात 10 बजे के बाद दुकानें खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कार्रवाई की।

21 मई की रात्रि गश्त के दौरान थाना रोजकामेव पुलिस ने ऐसे 10 दुकानदारों को हिरासत में लिया जो निर्धारित समय के बाद भी अपनी दुकानें संचालित कर रहे थे।

पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दुकानदारों की पहचान हसीन निवासी बाईका डंडा, वसीम निवासी बाईका डंडा, शाकिर निवासी सारा कलां राजस्थान, हुसैन निवासी रेवासन, हाजर खान निवासी रेवासन, जब्बार निवासी बैरिया बास, मुनफीद निवासी खेड़ी कंकर, जाकिर निवासी सदाई, शहीद निवासी सदाई तथा रामफूल निवासी मंगोलपुरी दिल्ली के रुप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से निर्देश जारी किए गए थे कि रात 10 बजे के बाद किसी भी गैर-जरूरी प्रतिष्ठान अथवा दुकान को खुला नहीं रखा जाएगा।

पुलिस के अनुसार देर रात तक दुकानों के खुले रहने से असामाजिक और शरारती तत्वों के एकत्रित होने की संभावना बनी रहती है, जिससे अपराध बढ़ने का खतरा रहता है। इसी निर्देश के तहत पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने ऐसे दुकानदारों को चिन्हित किया जो पुलिस निर्देशों का उल्लंघन कर रहे थे। सभी को हिरासत में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *