सीआईएससीई मेरठ जोन इंटर स्कूल शतरंज टूर्नामेंट 2026 में सोफिया गर्ल्स स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालिका वर्ग में ओवरआल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन आरके इंटरनेशनल स्कूल कंकरखेड़ा में किया गया, जिसमें मेरठ जोन के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
सोफिया गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखते हुए अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल को ओवरआल चैंपियन का खिताब दिलाया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर स्कूल में खुशी का माहौल रहा। स्कूल लौटने पर प्रधानाचार्या सिस्टर मीना ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की लगन और कोचिंग टीम की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने टीम के कोच शाहबाज मिर्जा, ल अदन, जूली और कनिका के योगदान की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके समर्पण और मार्गदर्शन ने छात्राओं को यह उपलब्धि दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
एनसीसी कैडेटों को एडीजी ने सिखाए निशानेबाजी के गुर
मेरठ : एनसीसी निदेशालय लखनऊ के अपर महानिदेशक (एडीजी) मेजर जनरल गौरव गौतम ने विद्या कालेज आफ इंजीनियरिंग में चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में शुक्रवार को कैडेटों का प्रशिक्षण देखने पहुंचे। उन्हाेंने कैडेटों से निशानेबाजी के बारे में जानकारी ली और स्वयं निशानेबाजी की बारीकियां बताई। कैंप कमांडेंट कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने एडीजी एनसीसी का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैडेट्स से कैंप की दिनचर्या के बारे में जानकारी ली और कैडेट्स से सेना से संबंधित सवाल पूछे। कैडेट्स को फायरिंग से संबंधित गुर और एक अच्छा निशानेबाज कैसे बना जा सकता है, के बारे में संपूर्ण जानकारी दी। कैडेट्स को सफलता के सूत्र बताते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी कैडेट्स को कैंप के दौरान होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए जिससे आपको सीखने और करने का अनुभव मिलेगा और इससे आपको अपने भविष्य को संवारने में मदद मिलेगी। कहा कि इस तरह के कैंप कैडेट्स को कठिन परिस्थितियों में रहने और काम करने के लिए तैयार करते है।


