नेशनल हाईवे-27 पर रविवार की सुबह मिनी स्टेडियम के पास इंदौर से लखनऊ जा रही शताब्दी बसेरा ट्रेवल्स की बस (BR 02 PC 5260) अनियन्त्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। इनमें से 16 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बस का आगे का शीशा तोड़कर तथा इमरजेंसी गेट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
यात्री विष्णु गुप्ता ने भी चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि बस के सामने कोई गाय नहीं आई थी। ओवरटेक करते समय बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की और शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि उनका कुछ सामान अभी भी बस में फंसा हुआ है।
हादसे के बाद कुछ यात्रियों ने चालक और दूसरे चालक से नाराजगी जताते हुए उनसे बहस भी की। यात्रियों का आरोप था कि चालक तेज गति से बस चला रहा था और ब्रेकर पर भी बस को धीमा नहीं कर रहा था। यात्रियों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद चालक ने बस चलाना जारी रखा।
सीएचसी मोठ के चिकित्सक डॉ. शशिकान्त राजपूत ने बताया कि हादसे में जो 16 यात्री घायल हुए थे, उन सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया। किसी भी यात्री को गम्भीर चोट नहीं आई है और सभी खतरे से बाहर हैं। पीआरबी प्रभारी हेड कौस्टबल मोहम्मद शरीफ खान ने बताया कि सुबह लगभग 6 बजे बस पलटने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोठ पहुंचाया तथा घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

