गोरखपुर फोरलेन पर डीसीएम ने मजदूरों को रौंदा, एक की मौत और चार घायल

वाराणसी फोरलेन पर मिक्सर मशीन का पंचर टायर बदल रहे मजदूरों को तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक और उसके सहयोगी को पकड़कर गगहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

गगहा क्षेत्र के सिहाइजपार निवासी सद्दाम शाही सटरिंग का काम करते हैं। शनिवार को उनके साथ करीब एक दर्जन मजदूर मिक्सर मशीन और ट्रैक्टर पर सवार होकर छत ढलाई के काम के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि फोरलेन पर शिवपुर गांव के सामने पहुंचते ही मिक्सर मशीन का टायर पंचर हो गया।

इसके बाद मजदूर सड़क किनारे वाहन रोककर टायर बदलने लगे। सूचना मिलने पर कारोबारी सद्दाम शाही भी बाइक से मौके पर पहुंच गए। मजदूर मिक्सर मशीन के पीछे खड़े होकर टायर खोल रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि मिक्सर मशीन के पास खड़े मजदूर दूर जा गिरे। हादसे में 35 वर्षीय अनिल यादव पुत्र वैजनाथ निवासी सिहाइजपार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अज्जू, विकास, रामदयाल और सद्दाम शाही गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद अज्जू और विकास की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास कर रहे डीसीएम चालक और उसके सहयोगी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और गगहा पुलिस को सौंप दिया। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटा लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *