हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे की मांग पर तीन आंदोलनकारियों ने कराया मुंडन, दी चेतावनी

कानपुर-सागर हाईवे पर बढ़ते हादसों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है। आंदोलनकारियों ने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन कर अधिकारियों को चूड़ी भी फेंकी थी।

जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन न लेने के विरोध में शुक्रवार को कुछ आंदोलनकारियों ने अपना मुंडन करा इंटरनेट मीडिया में अपना विरोध प्रचलित किया है। आंदोलन कारियों ने कहा कि यह आंदोलन को बढ़ाते हुए अब सामूहिक मुंडन कराया जाएगा।

कानपुर सागर हाईवे में आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए विभिन्न संगठनों ने फोरलेन की मांग को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन न लेने से नाराज लोग बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौट आए थे और जमकर नारेबाजी व आक्रोश जताया था।

वहीं, शुक्रवार को जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन न लेने से नाराज कुछ आंदोलनकारियों ने मुंडन कराकर अपनी फोटो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित करते हुए विरोध जताया है।

मुंडन कराने वाले बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौदहा निवासी विनय तिवारी एडवोकेट, रमेश यादव एडवोकेट व सुमेरपुर निवासी ऋषभ दीक्षित ने विरोध जताते हुए अपना मुंडन करा इंटरनेट में अपनी फोटो प्रचलित कर प्रदर्शन जताया।

आंदोलनकारी विनय तिवारी ने बताया कि यह आंदोलन लगातार चलता रहेगा। अभी सामूहिक रूप से सभी आंदोलनकारी अपना मुंडन कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *