दरभंगा: गोपालपुर रेल ट्रैक पर मिला युवक का क्षतविक्षत शव, जांच जारी

 सकरी रेलखंड के गोपालपुर आउटर सिगनल के पास रेल ट्रैक पर एक युवक का क्षतविक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी स्वर्गीय ललन झा के 30 वर्षीय पुत्र गौरी शंकर झा के रूप में हुई है। रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

कंधे के ऊपर का हिस्सा क्षतिग्रस्त

जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र स्थित गोपालपुर आउटर सिगनल के निकट रेल ट्रैक पर युवक का शव पड़ा मिला। शव का कंधे से ऊपर का हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कोलकाता के लिए निकला था युवक

मृतक के चचेरे चाचा मोहन झा ने बताया कि गौरी शंकर झा शुक्रवार को करीब 11 बजे गांव से कोलकाता जाने के लिए निकला था। घर से निकलने के तीन-चार घंटे बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद मुंबई में रहने वाले बड़े भाई ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।

मां कोलकाता में है कार्यरत

स्वजन के अनुसार मृतक की मां कोलकाता रेलवे वर्कशॉप में कार्यरत हैं और परिवार के अधिकांश सदस्य वहीं रहते हैं। गौरी शंकर झा तीन भाइयों में मंझला था और अविवाहित था। उसकी दादी राम लड्डू देवी गांव में रहती हैं, जिनसे मिलने वह हर महीने गांव आया करता था।

पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपेगी पुलिस

रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *