लुधियाना (पंजाब) कमाने जा रहे बिहार के युवक का शव सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक समस्तीपुर से लुधियाना जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। पुलिस को आशंका है कि सफर के दौरान ट्रेन से गिरने से उसकी मौत हुई है।
सुबह करीब सात बजे गढ़वा रेलवे ढाला के पास पोल संख्या 377/12 के निकट गेटमैन ने रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंच गई और पहचान कराने का प्रयास शुरू किया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से आधार कार्ड और समस्तीपुर जंक्शन से लुधियाना जाने का रेल टिकट मिला। आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान समस्तीपुर के दलसिंह सराय स्थित हरिशंकरपुर हासिम चक निवासी 24 वर्षीय रंजन राय पुत्र महेश यादव के रूप में हुई।
पुलिस को युवक का मोबाइल फोन टूटा मिला था। सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में लगाया गया तो उसी दौरान उसकी मां का फोन आ गया। बातचीत में पहचान की पुष्टि हुई।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र ने बताया कि युवक के सिर और सीने पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। परिवार के लोग गोरखपुर आ रहे हैं।


