दलसिंहसराय के डैनी चौक दुर्गा मंदिर में 15 लाख के आभूषण चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

2.1kViews
1634 Shares

 जिले के दलसिंहसराय स्थित डैनी चौक के प्राचीन दुर्गा मंदिर में गुरुवार रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है।

अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर देवी के सोने-चांदी के करीब 15 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और लोगों ने पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना एनएच-28 स्थित डैनी चौक दुर्गा मंदिर की है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि चोरों ने बेहद सलीके से मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर रखे कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी

मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों ने बताया कि यह मंदिर वर्ष 1973 में स्थानीय लोगों के सहयोग से हनुमान मंदिर के साथ बनवाया गया था। वर्षों से श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर देवी को सोने-चांदी के आभूषण अर्पित करते रहे हैं।

चोरी गए सामान में चांदी का मुकुट, सोने की नथिया, कान के आभूषण और चांदी का छत्र शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुल नुकसान 15 लाख रुपये से अधिक का है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुट गए। लोगों ने प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

स्थानीय नागरिकों ने एनएच पेट्रोलिंग टीम और थाना पुलिस की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि एनएच-28 पर लगातार पेट्रोलिंग के दावे किए जाते हैं, लेकिन डैनी चौक जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है।

एक सप्ताह पहले हुई थी चोरी

ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले डैनी चौक की तीन दुकानों में भी चोरी हुई थी। बावजूद इसके प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से चोरों का मनोबल बढ़ा और अब मंदिर को निशाना बनाया गया।

पुलिस जांच में जुटी

थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *