हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में रात को सड़क हादसे में घायल पड़े युवक को विधायक ने रेस्क्यू किया। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के चौकी मन्यार की यह घटना है। यहां एक सड़क हादसे में घायल हुए बाइक सवार युवक के लिए स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू खुद मददगार बनकर सामने आए।
विधायक ने घायल को देखकर अपना काफिला रुकवाया और वहां खुद बैठकर उसके जख्मों पर मरहम पट्टी भी की। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बड़ूही बाजार से दुकान बंद कर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार चौकी मन्यार का रहने वाला एक युवक रात के समय बड़ूही बाजार से अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था और जैसे ही वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर चौकीमन्यार के पास पहुंचा तो अचानक सड़क पर एक आवारा कुत्ता आ गया। जिसे बचाते हुए उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और इस हादसे में युवक के हाथ-पैर पर काफी गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा।
लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा था युवक
रात का समय होने के कारण रास्ते में आवाजाही बेहद कम थी और इसी दौरान चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वहां से गुजर रहे थे, जिनकी नजर जैसे ही सड़क किनारे पड़े बाइक सवार और लहूलुहान युवक पर पड़ी।
विधायक ने घायल को देखकर गाड़ी रुकवाई
विधायक ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और बिना किसी औपचारिकता के सीधे घायल युवक के पास पहुंच गए। विधायक ने तुरंत अपनी गाड़ी से फर्स्ट-एड किट मंगवाई और वहां मौजूद अन्य लोगों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर रोशनी की, जिसके बाद विधायक सुदर्शन बबलू खुद बैंच पर बैठ गए और एक संवेदनशील व्यक्ति की तरह घायल युवक के पैरों और हाथों के घावों को साफ कर दवा लगाई और पट्टी बांधी।
इसके बाद विधायक ने युवक का ढांढस बंधाते हुए उसे सुरक्षित घर भिजवाने की व्यवस्था की और साथ ही युवाओं से रात के समय हेलमेट पहनने व सावधानी से वाहन चलाने की अपील की।


