पलवल में नशे में धुत पड़ोसी ने सोते समय बुजुर्ग महिला पर किया तलवार से हमला, मोहल्ले में दहशत

4.6kViews
1709 Shares

शहर के गौरिल्ला मोहल्ला में शराब के नशे में धुत पड़ोसी के घर में जबरन घुसकर सो रही एक बुजुर्ग महिला पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। शहर थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हथीन गेट चौकी पुलिस को दी गई शिकायत में गौरिल्ला मोहल्ला के रहने वाले रामू ठाकुर ने बताया कि 28 जून की रात उसकी मां सिविया घर की बैठक में सोई हुई थी। पूरा परिवार भी घर के भीतर ही सो रहा था। इसी दौरान उनका पड़ोसी सुखवीर शराब के नशे में धुत होकर हाथ में नंगी तलवार लिए उनके घर में घुस आया।

आरोप है कि सुखवीर ने चारपाई पर सो रही बुजुर्ग महिला सिविया पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब पीड़ित का बेटा रामू और परिवार के अन्य सदस्य जागे, तो आरोपी सुखवीर उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।

घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल पलवल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने महिला के शरीर पर चोटों की पुष्टि की। हालत गंभीर होने के कारण पीड़ित महिला को 29 जून को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ फिलहाल उनका इलाज जारी है। हथीन गेट चौकी प्रभारी शेर सिंह के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *