Meerut-Pauri Highway पर दो ट्रकों के बीच फंसी कार, सवारियों में मची चीख पुकार

 उत्तराखंड के पौड़ी से कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे लोगों की कार मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर दो ट्रकों के बीच फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कार में सवार महिला व बच्ची समेत छह लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से कार को काटकर सवारियों को बाहर निकाला तथा अस्पताल भिजवाया। इस दौरान राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कार चालक जयसिंह उत्तराखंड के पौड़ी निवासी ब्रह्मानंद, मनव्वर सिंह, सूरज, सुरेशो देवी व तीन वर्ष की बच्ची ऋतिका को लेकर पौड़ी से दिल्ली जा रहा था। मेरठ-पौड़ी राजमार्ग पर गांव देवल के निकट इनकी आगे जा रहे एक ट्रक के पीछे चल रही थी, ओवरटेक करते समय पीछे की ओर से आए एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा कार में सवार लोगों में चींख-पुकार मच गई।

राजमार्ग से गुजर रहे लोगों ने घायलों को निकालने का प्रयास किया तथा पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। बाद में पुलिस ने लोगों की मदद से कार को काटकर घायलों को बाहर निकलवाया तथा अस्पताल भिजवाया। इस दौरान राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मीरापुर व रामराज पुलिस ने घंटों की कड़ी मश्क्कत के बाद यातायात सुचारू कराया।

मेरठ में चल रहा घायलों का उपचार

मेरठ-पौड़ी राजमाग पर हुई सड़क दुर्घटना में कार चालक जयसिंह व तीन वर्षीय ऋतिका को गंभीर चोट आने के चलते पुलिस ने डायल 112 पुलिस की मदद से जानसठ सीएचसी भिजवाया जहां से उन्हे प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जबकि सुरेशो देवी, ब्रह्मानंद, मनव्वर सिंह व सूरज को बिजनौर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सुरेशो व ब्रह्मानंद को मेरठ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।

एसओ रामराज ज्ञानेंद्र सिरोही ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपित चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया है तथा घायलों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *