सलमान खान (Salman Khan) को 19 मई की रात हिंदुजा अस्पताल के बाहर देखा गया। एक्टर के चेहर पर काफी परेशानी के भाव दिख रहे थे और इतने में कुछ पैप्स भी उन्हें कवर करने वहां पहुंच गए। सलमान खान को ये चीज बिल्कुल पसंद नहीं आई और वो मीडिया पर भड़क गए।
पैपराजी के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। फोटोग्राफर उनका पीछा करते हुए उनकी अपकमिंग फिल्म ‘मातृभूमि’ के नारे लगा रहे थे। हालांकि सलमान को उनकी बात बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगी और उन्होंने फोटोग्राफरों पर जमकर गुस्सा निकाला। सलमान ने पैप्स से पूछा कि क्या उनका दिमाग खराब हो गया है? घटना के ऑनलाइन वायरल होते ही सलमान ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए प्राइवेसी का उल्लंघन करने की कड़ी निंदा की और कहा कि वह लड़ना नहीं भूले हैं।
पैप्स कर रहे थे एक्टर की पीछा
मंगलवार (19 मई) को सलमान खान मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में किसी से मिलने गए थे। उनके इस दौरे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। अस्पताल में अंदर जाते समय अभिनेता ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन अस्पताल से बाहर निकलते समय वे स्पष्ट रूप से परेशान दिखे और पैपराजी पर भड़क उठे।
फोटोग्राफरों ने सलमान को सबसे पहले तब देखा जब उनकी गाड़ी एक ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी, जिसके बाद वे अस्पताल तक उनका पीछा करते रहे। बाद में जब अभिनेता अस्पताल से बाहर निकले, तो कुछ फोटोग्राफर उनका ध्यान खींचने के लिए उनकी आने वाली फिल्म का जिक्र करते हुए “भाई, भाई, मातृभूमि!” चिल्लाने लगे। तभी सलमान भड़क उठे।
पैपराजी पर भड़के सलमान खान
उस समय, चिढ़कर सलमान फोटोग्राफरों पर भड़क गए और उन्होंने गुस्से में इशारा करते हुए पूछा,”पागल हो गए हो क्या?” वीडियो क्लिप में सलमान फोटोग्राफरों की ओर चलते हुए दिखाई देते हैं और उनसे पूछते हैं कि अगर उनके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल में भर्ती हो जाए तो उन्हें कैसा लगेगा। इसके बाद फोटोग्राफर उनसे माफी मांगते हुए नजर आते हैं।
वीडियो के ऑनलाइन वायरल होते ही सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर वायरल क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए अपनी बात रखी और फोटोग्राफरों के व्यवहार की आलोचना की। सलमान ने अपनी बैक टू बैक तीन तस्वीरें पोस्ट की और बताया की उन्हें गुस्सा क्यों आया।
एक्टर ने इंस्टा पर शेयर की कई तस्वीरें
वायरल घटना पर रिएक्शन देते हुए सलमान खान ने लिखा कि उन्होंने हमेशा मीडिया का सपोर्ट किया है और यह हमेशा सोचा है कि फोटोग्राफर भी अपनी रोजी-रोटी कमा सकें, लेकिन उन्होंने उन लोगों पर आपत्ति जताई जो किसी के मुश्किल पलों का ‘मजा’ लेने की कोशिश करते हैं। सलमान ने लिखा, ‘अगर मैं किसी प्रेस को अस्पताल में मेरे दर्द के मजे लेते हुए देखूं।’ एक्टर ने अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मई वॉर रेस्ट इन पीस’ का भी जिक्र किया और सवाल उठाया कि क्या एक तस्वीर इंसान की जिंदगी से ज्यादा जरूरी हैं।


