चंदौसी: बोर्ड बैठक में जब पानी की किल्लत पर भड़कीं महिला सभासद, शांत कराने को पालिकाध्यक्ष और EO को छोड़नी पड़ी कुर्सी!

5.1kViews
1199 Shares

वार्ड में पानी की समस्या होने पर एक महिला सभासद बोर्ड की बैठक में भड़क गईं। एक अन्य सभासद ने उन्हें टोका तो अन्य हंगामा करने लगे। इसके बाद जोरदार बहसबाजी शुरू हो गई। हंगामा बढ़ न जाए, इसके लिए पालिकाध्यक्ष और ईओ को अपनी कुर्सी छोड़कर उन्हें समझाना पड़ा। बैठक की खास बात ये भी रही कि पौधारोपण के जो मुद्दा बैठक का एजेंडा था, उस पर दो मिनट भी चर्चा नहीं हुई।

नगर पालिका परिषद में बृहस्पतिवार को बोर्ड की बैठक रखी गई थी। बैठक का एजेंडा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिका द्वारा कराए जाने वाले पौधरोपण के संबंध में था। जैसे ही बोर्ड की बैठक में एजेंडा रखा गया तो वार्ड सभासद अपने-अपने वार्ड की समस्याएं लेकर बैठ गए।

इसी बीच वार्ड संख्या पांच की सभासद कोमल ने अपने वार्ड की पानी की समस्या का मुद्दा उठा दिया। उनका कहना था कि उनके वार्ड में काफी समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है लेकिन नगर पालिका उस पर ध्यान नहीं दे रही है।

पालिका के जलकल अनुभाग के बाबू व जेई मौके पर गए तो उन्हें समस्या बताई गई, लेकिन वे उल्टा जवाब देकर चले गए। सभासद कोमल ने इस समस्या के विरोध में हंगामा कर दिया।

इस पर एक अन्य सभासद ने बीच में टोक दिया, जिससे अन्य सभासद महिला शक्ति जिंदाबाद के नारे लगाते हुए खड़े हो गए और टोकने वाले सभासद का विरोध करने लगे। इस पर बैठक में जमकर हंगामा हुआ। हंगामा बढ़ने पर पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय व ईओ सत्येंद्र प्रकाश को अपनी कुर्सी से उठकर हस्तक्षेप करके मामला शांत करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *