राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगौनी राम-जानकी पुलिया के निकट मंगलवार की रात लगभग 10 बजे प्रेम प्रसंग ने खूनी रूप ले लिया। उक्त घटना में लदनियां थाना क्षेत्र के खाजेडीह निवासी शेषनाथ झा के 28 वर्षीय पुत्र निखिल झा की अपराधियों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली निखिल झा को गर्दन के पास लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह राजनगर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से निखिल ठाकुर सदर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले कहासुनी, फिर चला दी गोली
पुलिस सूत्रों के अनुसार एक लड़की से प्रेम प्रसंग को लेकर निखिल झा का बलवंत झा और उसके साथियों से विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम लगभग 5 बजे निखिल झा मधुबनी इंजीनियर से मिलने आए थे। इंजीनियर से मुलाकात कर वह रात में घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान राजनगर थाना क्षेत्र के मंगरौनी स्थित राम-जानकी पुलिया के निकट पहले से घात लगाए बलवंत झा एवं उसके साथियों का निखिल झा से आमना-सामना हुआ। उन लोगों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें एक गोली निखिल के गर्दन के पास लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, पुलिस निरीक्षक सह नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच पड़ताल में जुट गए गए। उसी समय घटनास्थल पर साक्ष्य संग्रह के लिए एफएसएल एवं टेक्निकल टीम को भी बुला लिया गया।
बता दें कि घटना के बाद से मंगरौनी और खाजेडीह में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। राजनगर थानाध्यक्ष सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर कांड दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रेम प्रसंग के बिंदु पर भी गहराई से जांच की जा रही है।


