त्विषा शर्मा का पति समर्थ जबलपुर से गिरफ्तार, आज भोपाल कोर्ट में पेशी; पुलिस मांगेगी 7 दिन की रिमांड

बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहे पति समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी समर्थ शुक्रवार शाम हाई कोर्ट के निर्देश के बाद जिला कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन कोर्ट ने उसका समर्पण स्वीकार करने से मना कर दिया।

इसके बाद वह कोर्ट परिसर के एक कमरे में छुप गया। सूचना मिलने पर भोपाल और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस मांगेगी 7 दिन की रिमांड

SIT प्रमुख ACP रजनीश कश्यप ने कहा, “हमारी टीम ने आरोपी समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कमिश्नर आज दोपहर 1 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। हम आरोपी की 7 दिन की रिमांड मांगेंगे। हम उसे आज कोर्ट के सामने पेश करेंगे।”

हाई कोर्ट ने दिया था आत्मसमर्पण का निर्देश

बता दें कि भोपाल कोर्ट से पिछले दिनों जमानत खारिज होने के बाद समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने जबलपुर हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। शुक्रवार दोपहर सुनवाई के दौरान समर्थ सिंह ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने उसे कटाराहिल्स थाना प्रभारी अथवा जांच अधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण करने के निर्देश दिए।

कोर्ट के आदेश के कुछ समय बाद ही समर्थ सिंह शाम करीब चार बजे जबलपुर जिला कोर्ट पहुंच गया। वह सीजेएम अभिषेक सोनी की अदालत में पेश हुआ और समर्पण की कोशिश की। हालांकि, कोर्ट ने यह कहते हुए समर्पण स्वीकार नहीं किया कि उसे भोपाल की सक्षम अदालत में पेश होना चाहिए।

जिला कोर्ट से बाहर आने के बाद समर्थ सिंह कुछ देर तक परिसर में घूमता रहा। इसी दौरान वह कोर्ट के रूम नंबर 32 में जाकर बैठ गया। बताया गया है कि उस समय कमरे में जज मौजूद नहीं थे और केवल तीन कर्मचारी बैठे थे। कमरे की लाइट भी बंद थी।

कोर्ट रूम से पुलिस ने पकड़ा

उधर, समर्थ सिंह के कोर्ट परिसर में होने की सूचना मिलते ही भोपाल और जबलपुर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो वह कमरे से निकलने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 30 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *