किराया भी कम और 44 KM का सफर भी बचेगा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुरू हो रहीं बसें; जानें रूट और पैसे

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम देहरादून के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से साधारण रोडवेज बसों के संचालन की तैयारी कर रहा है। अगले एक सप्ताह के अंदर संचालन शुरू हो जाएगा।

इस रूट पर बसों का संचालन होने से देहरादून जाने वाले हर यात्री को 84 रुपये की बचत होगी। साथ ही गंतव्य तक पहुंचने के लिए 44 किलोमीटर का सफर भी कम हो जाएगा। इससे समय की भी बचत होगी।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) अभी तक देहरादून के लिए रोडवेज बसों का संचालन कश्मीरी गेट बस अड्डे से मोदीनगर, मेरठ होते हुए कर रहा है। इस रूट पर कुल 25 शहरों से बस होकर गुजरती है।

प्रत्येक यात्री इस रूट से देहरादून जाने के लिए 259 किलोमीटर के 420 रुपये चुकाता है। दून एक्सप्रेस-वे पर संचालन होने से काफी राहत मिलेगी। करीब 16 क्षेत्र व शहरों से रोडवेज बस होकर गुजरेंगी।

इस रूट से देहरादून पहुंचने के लिए महज 215 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। इसके लिए 336 रुपये चुकाने होंगे। इससे यात्रियों को रुपयों की बचत के साथ ही समय की भी बचत होगी।

इन 16 क्षेत्र व शहरों के लोगों को मिलेगी राहत

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे रूट पर बसों का संचालन कश्मीरी गेट से शुरू होकर लोनी, गाजियाबाद शहर, बागपत, बिजरोल, थाना, हाथी, थाना, बड़ागांव, सहारनपुर, गागलहेड़ी, छुटमलपुर, शेरपुर, बिहारी गढ़, गणेशपुर, डाट मंदिर आदि के लोगों को भी राहत मिलेगी। इन 16 क्षेत्र व शहरों के लिए भी किराए की सूची तैयार कर ली गई है।

पहले चरण में तीन बसों का होगा संचालन

पहले चरण में तीन बसों का संचालन शुरु कर दिया जाएगा। इसमें से एक बस साहिबाबाद डिपो व दो बस लोनी डिपो की चलाई जाएंगी। इसके बाद इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

वातानुकूलित बसों की अभी नहीं रहेगी सुविधा

इस रूट पर अभी वातानुकूलित बसों की सुविधा नहीं रेगी। इसके लिए भी परिवहन निगम योजना बना रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अभी जो एसी बसें हैं उनका संचालन अन्य रूटों पर हो रहा है। नई बसें मिलने पर एसी बसें भी संचालित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *