राज्य के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। अब बिजली बिल में गड़बड़ी, मीटर रीडिंग की त्रुटि, बार-बार बिजली कटने या अन्य तकनीकी समस्याओं से जूझ रहे उपभोक्ता अपनी शिकायतें सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक कभी भी दर्ज करा सकेंगे।
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए निगम मुख्यालय स्तर पर ‘जन समस्या निवारण केंद्र’ की शुरुआत की है। इसमें उक्त अवधि में कभी भी शिकायत की जा सकती है।
रांची के कुसई कॉलोनी स्थित डाटा सेंटर में सोमवार को इस केंद्र का उद्घाटन डोरंडा निवासी 82 वर्षीय उपभोक्ता अशोक कुमार पांडेय ने किया। निगम ने इसे मुख्यालय के काल सेंटर और आनलाइन शिकायत व्यवस्था के अतिरिक्त शुरू किया है, ताकि आम उपभोक्ताओं को सीधे संवाद और त्वरित समाधान की सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विशेष निर्देश पर यह केंद्र उक्त अवधि में दो पालियों में संचालित होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों, फैक्ट्री कर्मियों और नौकरीपेशा लोगों को मिलेगा, जो दिन में कार्यालय समय के कारण अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा पाते थे।
अब वे काम पर जाने से पहले या लौटने के बाद अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। इस अवसर पर शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 9031110120 भी जारी किया गया। इस नंबर पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
कार्यक्रम में निगम के प्रबंध निदेशक के. श्रीनिवासन, केके. वर्मा, रंजीत कुमार लाल समेत ऊर्जा निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बिल सुधार से लेकर बिजली आपूर्ति तक की शिकायतों का समाधान
निगम अधिकारियों के अनुसार केंद्र में बिजली बिल की त्रुटि, बिल सुधार, मीटर से जुड़ी शिकायतें, बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रांसफार्मर व लाइन संबंधी समस्याओं समेत अन्य उपभोक्ता शिकायतों का समाधान किया जाएगा। भविष्य में इसे 24 गुना सात सेवा के रूप में विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
काम की बात: डायरी में नोट कर लें यह नंबर
- नया शिकायत नंबर: 9031110120
- शिकायत का समय: सुबह 06:00 बजे से रात 10:00 बजे तक (दो शिफ्ट में)
- कहां खुला केंद्र: कुसई कॉलोनी, रांची (मुख्यालय स्तर पर)
- किन समस्याओं का होगा समाधान: गलत बिजली बिल, मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, बिजली कटौती, और खराब ट्रांसफार्मर।


