वाहन चेकिंग के दौरान मंगलवार की रात 12 बजे के करीब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गैंगस्टर गिरफ्तार कर लिया है। पैर में गोली लगने से आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर घायल को सीएचसी जागीर पर भर्ती कराया। एसपी नगर ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ के बारे में जानकारी ली है।
पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर गिरफ्तार
एसपी गणेश प्रसाद साहा के निर्देश पर मंगलवार की रात 12 बजे के करीब एलाऊ एसओ अवनीश त्यागी पुलिसबल के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। जब पुलिस गांव संजापुर के निकट पहुंची। तभी सामने से आई बाइक के चालक को रोकने का इशारा किया। जिस पर बाइक सवार युवक पुलिस को देखते ही तमंचा से फायरिंग करने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो पैर में गोली लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पैर में गोली लगने से हुआ घायल, पुलिस ने तमंचा किया बरामद
पूछने पर आरोपित ने अपना नाम मनीष उर्फ विपिन निवासी बखतपुर एलाऊ बताया। पुलिस आरोपित के पास से तमंचा बाइक और 800 रुपये की नकदी बरामद की है। सूचना पर एसपी नगर अरुण कुमार सिंह और सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ की जानकारी ली। बताया गया कि आरोपित पर हत्या, चोरी, छेड़खानी सहित सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसपी नगर ने घटनास्थल पहुंच ली जानकारी, घायल अस्पताल में भर्ती
कोतवाली पुलिस द्वारा उसके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घायल को सीएचसी जागीर भर्ती कराया है। इस संबंध में एसपी नगर ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित छेड़खानी के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जा चुकी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


