मौरावां-कालूखेड़ा मार्ग पर असोहा क्षेत्र के सरवन मोड़ के पास मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे लोडर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। तीसरा घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बाइक पर तीन बैठने के साथ कोई हेलमेट नहीं लगाए था। सिर की चोट मौत की कारण बनी। तीनों ईंट भट्ठा पर मजदूरी करते थे।
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र के नगघीया गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश पुत्र छोटेलाल, इसी क्षेत्र के गंगाबेहड़ गांव निवासी 20 वर्षीय अमर सिंह पुत्र शिवराम व सोहरामऊ के चिलौली गांव निवासी सुमित के साथ असोहा क्षेत्र के पाठकपुर में एक ईंट-भट्ठा पर मजदूरी करते थे।
मंगलवार दोपहर तीनों एक बाइक से किसी काम से निकले थे। मौरावां-कालूखेड़ा मार्ग पर असोहा क्षेत्र के सरवन मोड़ के पास लोडर ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक की कोशिश में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर आकाश व अमर की माैके पर मौत हो गई, जबकि तीसरा दोस्त सुमित गंभीर घायल हो गया।
पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दिवंगत के स्वजन को हादसे की जानकारी देकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। उक्त सभी क्षेत्र के पाठकपुर स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे। पुलिस ने स्वजन को सूचना देने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चालक लोडर लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


