चोरी करने घुसे, नींद ने बिगाड़ा खेल! सतना में एसी-कूलर के गोदाम में सोता मिला चोर, मालिक ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

8.4kViews
1192 Shares

सतना शहर में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस के साथ-साथ शहरवासियों को भी हैरान कर दिया। खेरमाई रोड स्थित एसी-कूलर के एक गोदाम में चोरी करने पहुंचे बदमाशों में से एक आरोपित वारदात के दौरान ही गहरी नींद में सो गया। सुबह जब गोदाम मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो चोर को अंदर आराम से सोता देख वह भी हैरान रह गए।

छत के रास्ते घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, खेरमाई रोड स्थित बिहारी ट्रेडर्स के गोदाम को रविवार रात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और एसी के आउटडोर यूनिट को क्षतिग्रस्त कर गोदाम में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने टीवी, एसी, कूलर समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लाखों रुपये का माल समेट लिया।

साथी रफूचक्कर, एक सोता रह गया

चोरी के इस घटनाक्रम के दौरान एक आरोपित अपनी कमर सीधी गोदाम के फर्श पर लेटा, लेकिन थकान की वजह से उसे नींद आ गई और वहीं पर ही सो गया। उसके साथी तो चोरी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि वह वहीं बेखबर पड़ा रहा।

सुबह मालिक ने पकड़ा

सोमवार सुबह जब गोदाम संचालक बिहारी ट्रेडर्स के प्रतिष्ठान पर पहुंचे और ताला खोला तो अंदर एक युवक को सोते देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

फरार आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

प्रारंभिक जांच में युवक के चोरी की वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस उससे फरार साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे शहर में हो रही है। आमतौर पर चोरी के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए भाग निकलते हैं, लेकिन यहां एक चोर अपनी ही लापरवाही और गहरी नींद के कारण सीधे पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *