शहर में सड़क विकास कार्यों ने अब तेजी पकड़ ली है। वर्षों से जाम, टूटी सड़क और जलजमाव की समस्या झेल रहे शहरवासियों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। पूर्वी आरओबी से पश्चिमी आरओबी तक बन रही हाईटेक सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है।
वहीं, जीरो माइल से पातर तक फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य भी तेज गति से जारी है। प्रशासन और निर्माण एजेंसियों ने दोनों परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
करीब 14.11 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पूर्वी आरओबी से पश्चिमी आरओबी तक की सड़क 3.97 किलोमीटर लंबी है। पहले यह सड़क महज पांच मीटर चौड़ी थी, लेकिन अब इसे दस मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है।
सड़क निर्माण के साथ-साथ कई स्थानों पर विशेष रूप से जल निकासी की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न नहीं हो। निर्माण एजेंसी को इसी माह हर हाल में कार्य पूरा करने का निर्देश पथ निर्माण विभाग ने दिया है।
इस सड़क के तैयार होने से शहर के मुख्य हिस्सों में ट्रैफिक दबाव काफी कम होगा। रेलवे क्षेत्र, बाजार, अस्पताल और सरकारी कार्यालयों तक पहुंच आसान होगी। सबसे बड़ी राहत उन लोगों को मिलेगी जो प्रतिदिन जाम और धूल-गर्दा से परेशान रहते थे। फिलहाल, निर्माण कार्य तेजी से चलने के कारण कई जगह मशीनें और मजदूर दिन-रात काम करते नजर आ रहे हैं।
उधर, जीरो माइल से पातर तक बन रही सड़क भी शहर के लिए बड़ी सौगात साबित होने वाली है। करीब 20.6 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही यह सड़क 2.68 किलोमीटर लंबी है।
पहले सात मीटर चौड़ी सड़क को अब 17 मीटर चौड़ा कर फोरलेन स्वरूप दिया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के साथ डिवाइडर, नाला निर्माण और मजबूत बेस लेयर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अधिकारियों का लक्ष्य जून माह तक इस परियोजना को भी पूरा करना है। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सिकंदर पासवान ने बताया कि सभी कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। इस माह शहर में दो से तीन सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
आरा की सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था जाम से मिलेगी राहत
शहर के लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद विकास कार्य धरातल पर तेजी से दिखाई दे रहा है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी।
खासकर भारी वाहनों और बाहरी ट्रैफिक को बेहतर रास्ता मिलने से शहर के भीतर जाम की समस्या कम होगी। उधर रेलवे स्टेशन से जज कोठी मोड़ और वामपाली से पकड़ी रोड का भी निर्माण कार्य तेज है।
शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ आर्थिक स्थिति सुधरेगी
व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि शहर की सभी आधा दर्जन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि शहर का सौंदर्यीकरण भी बढ़ेगा।
लगातार हो रहे चौड़ीकरण और आधुनिक निर्माण कार्यों को देखकर लोगों में यह विश्वास मजबूत हुआ है कि आने वाले दिनों में आरा की पहचान एक विकसित और व्यवस्थित शहर के रूप में होगी।


