सरकारी टीचर बनने का सपना होगा पूरा; Bihar STET 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, चेक करें योग्यता और उम्र सीमा

1697 Shares

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थी 31 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एसटीईटी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षा है। परीक्षा में दो पेपर होंगे। पेपर-1 माध्यमिक स्तर यानी कक्षा नौवीं और दसवीं के शिक्षकों के लिए होगा, जबकि पेपर-2 उच्च माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए निर्धारित है।

अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता और संबंधित विषय के अनुसार पेपर का चयन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। इसके साथ निर्धारित दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी।

आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। भुगतान के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई का इस्तेमाल किया जा सकता है। अंतिम रूप से आवेदन जमा करने से पहले अभ्यर्थियों को भरी गई सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लेनी चाहिए।

आवेदन से पहले योग्यता की जांच जरूरी

अभ्यर्थियों को सबसे पहले बिहार बोर्ड की एसटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। आवेदन लिंक पर क्लिक कर न्यू रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल सहित मांगी गई जानकारी दर्ज करनी होगी।

इसके बाद प्राप्त यूजर आइडी और पासवर्ड से लॉगिन कर व्यक्तिगत, शैक्षणिक और परीक्षा संबंधी विवरण भरना होगा। निर्धारित दस्तावेज अपलोड करने और शुल्क का भुगतान करने के बाद आवेदन सबमिट किया जा सकेगा।

आवेदन जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखना जरूरी है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित विषय, पेपर, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और शुल्क से जुड़े नियमों को ध्यान से पढ़ लेना चाहिए।

बिहार एसटीईटी 2026 परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ संबंधित विषय से स्नातक या पीजी डिग्री के साथ ही एनसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड डिग्री/एमएड/ बीए बीएड/ बीएससी बीएड आदि उत्तीर्ण होना होना चाहिए।

इसके अलावा अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 साल से कम और अधिकतम आयु पुरुष अभ्यर्थियों की 37 साल और महिला उम्मीदवारों की 40 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।

आरक्षित कैटेगरी से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार ऊपरी उम्र में छूट दी जाएगी। उम्र की गणना 1 अगस्त 2026 को ध्यान में रखकर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *