सचेंडी में पिछले शनिवार को आटो पार्ट्स कंपनी स्पन माइक्रो प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के बाद लगातार अन्य फैक्ट्रियों में कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। अब किसान नगर हाइवे के पास स्थित बिस्कुट फैक्ट्री भगवती फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में वेतन बढ़ाने समेत कई मांगो को लेकर कर्मचारियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस कर्मचारियों को समझाने का प्रयास कर ही रही थी कि पास में स्थित के प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी भी फैक्ट्री के बाहर निकल आए और फैक्ट्री गेट पर हंगामा करने लगे।करीब तीन घंटे चले हंगामे और नारेबाजी के बाद प्रबंधन ने कर्मचारियों की मांगो को मान लिया।जिसके बाद प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली।
बिस्किट का काम करने वाली भगवती फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की किसान नगर और किसान नगर हाइवे के पास में दो यूनिट हैं। कंपनी के पास ब्रिटानिया बिस्किट की फ्रेंचाइजी है, दोनों जगहों पर बिस्किट बनाया जाता है। दोनों यूनिट में करीब आठ सौ कर्मचारी कार्यरत है।
मंगलवार को किसान नगर हाइवे के पास की कंपनी यूनिट के गेट पर पहुंचे सैंकड़ों कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान फैक्ट्री गेट पर नारेबाजी भी होने लगी। हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी पनकी मनोज कुमार सिंह, सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास करने लगे।
पुलिस अधिकारी कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत कराने के प्रयास में जुटे थे तभी पास में स्थित प्लास्टिक केन और डिब्बे बनाने वाली के प्लास्टिक प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी भी बाहर निकल आए और वेतन बढ़ाने, साप्ताहिक अवकाश और अवकाश के दिनों में दोगुना पैसा समेत कई मांग करते हुए हंगामा करने लगे।
के प्लास्टिक में करीब ढाई से तीन सौ कर्मचारी कार्यरत बताए जा रहे है।वही हंगामे को देखते हुए सचेंडी थाने के अलावा अन्य थाने की पुलिस भी मौके पर बुलाई गई। भगवती फूड्स में हंगामे की भनक लगते ही पारले जी बिस्किट की फ्रेंचाइजी श्री अम्बा जी फूड्स में भी कर्मचारियों ने हंगामे का प्रयास किया लेकिन प्रबंधन ने उन्हें वेतन संबधित मांगो को पूरा करने का आश्वाशन देकर शांत करा दिया।
भगवती फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी राकेश कुमार और गुड्डू ने बताया कि वर्षों से काम कर रहे है लेकिन वेतन मजदूरों वाला मिलता है। तमाम बार इसके बारे में प्रबंधन से बात की गई लेकिन प्रत्येक बार आश्वाशन दिया जाता है।
वहीं के प्लास्टिक के कर्मचारी राजू ने बताया कि सरकार द्वारा वेतन बढ़ाए जाने की बात कही गई है ,लेकिन प्रबंधन ने इसको लेकर कोई कदम नहीं उठाए जबकि कई बार मांग भी की जा चुकी है।सुबह करीब नौ बजे से शुरू हुआ हंगामा और नारेबाजी करीब तीन घंटे तक चली। जिसके बाद भगवती फूड्स प्रबन्धन ने सभी मांगों को कुछ संशोधन के साथ मान लिया।
दोपहर होने के चलते कर्मचारियों को बुधवार को काम पर बुलाया गया है। भगवती फूड्स के बाहर का हंगामा शांत होते ही के प्लास्टिक में भी कर्मचारियों की मांगो को स्वीकार कर लिया गया। जिसके बाद कर्मचारी वापस काम पर लौटे। इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों की मांगो को प्रबंधन ने मान लिया है, शांति व्यवस्था कायम है।
मुख्यत ये मांगे मानी गई
- आठ घंटे ड्यूटी
- लेबर का वेतन 13,600 रुपए
- अर्ध कुशल 15080 रूपये,
- आपरेटर का लगभग 16800 रूपये दिया जाए और पेमेंट स्लिप भी देनी होगी।
- कोई कर्मचारी प्रताड़ित नहीं किया जाएगा,
- कर्मचारी के साथ ही पीएफ कंपनी को भी 12 फीसदी देना होगा,
- बोनस पीएफ के हिसाब से देना होगा,।प्रतिवर्ष वेतन बढ़ोतरी की जाए,
- कंपनी में हादसा होगा तो इलाज की जिम्मेदारी कंपनी की होगी।
- चार रविवार का साप्ताहिक अवकाश और अवकाश एवं ओवरटाइम का दोगुना पैसा दिया जाए।
- ये सारे नियम अभी से लागू हो ताकि जून माह से इसका फायदा मिल सके।
गोल्डी मसाला फैक्ट्री में भी हंगामा
बिठूर के मंधना में गोल्डी मसाला फैक्ट्री में वेतन वृद्धि को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन और जाम लगाने की कोशिश की। लगभग चार सौ महिलाएं सड़क पर आ गईं। मौके पर एस डी एम सदर, अभिनव जैन डीसीपी पश्चिम ए सी पी कल्याणपुर और चौबेपुर बिठूर का फोर्स समझाने का प्रयास कर रहे हैं।


