जागरण संवाददाता, मेरठ। 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नंगला ताशी निवासी शुभम कुमार ने शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई रजतपाल 23 जुलाई को मोटर साइकिल से घर से निकला था। शाम को उसने फोन कर अपने साथ तीन युवकों के होने की जानकारी दी थी। देर रात संपर्क करने पर एक युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में अलग-अलग स्थान बताए। जंगल में रजतपाल की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली। 26 जुलाई को उसका शव पेपला गांव के इंद्रेशपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास ईख के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने शरीर पर गंभीर चोटों का हवाला देते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है।

9.5kViews
1102 Shares

जागरण संवाददाता, मेरठ। 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव नंगला ताशी निवासी शुभम कुमार ने शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई रजतपाल 23 जुलाई को मोटर साइकिल से घर से निकला था। शाम को उसने फोन कर अपने साथ तीन युवकों के होने की जानकारी दी थी। देर रात संपर्क करने पर एक युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बाद में अलग-अलग स्थान बताए।

जंगल में रजतपाल की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल मिली। 26 जुलाई को उसका शव पेपला गांव के इंद्रेशपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास ईख के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने शरीर पर गंभीर चोटों का हवाला देते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है।

भाई शुभम कुमार ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में जय कुमार, नितिन, राहुल समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है।

शुभम के अनुसार, 23 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे उसका बड़ा भाई रजत पाल मोटरसाइकिल से घर से निकला था। उसने बताया था कि वह माधवपुरम निवासी जय कुमार से मिलने और उसकी जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रात करीब 8:23 बजे जब उसने रजतपाल के मोबाइल पर फोन किया तो एक युवक ने फोन उठाया। आरोप है कि उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और रजतपाल के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

बाद में अलग-अलग स्थान बताए गए और शिकायतकर्ता को जंगल की ओर बुलाया गया।शुभम का दावा है कि 24 जुलाई को कंकरखेड़ा थाने में सूचना देने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया 26 जुलाई को रजतपाल का शव पेपला गांव, इंद्रेशपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास ईख के खेत में मिला। परिजनों के अनुसार, शव पर कई गंभीर चोटें थीं, जिनका उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी है।

इसे देखते हुए परिवार ने सामान्य हादसा मानने के बजाय घटना की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग की है। डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में मोबाइल की सीडीआर, लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच, घर से शव मिलने तक के रास्ते की सीसीटीवी फुटेज खंगालने, क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल की फोरेंसिक जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चोटों की प्रकृति के आधार पर मृत्यु के कारण की विशेषज्ञ जांच कराने की मांग की गई है।

साथ ही 24 जुलाई को पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की भी जांच और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में 4 अगस्त को पुलिस उपमहानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र के समक्ष भी प्रार्थना पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक उसे अपेक्षित न्याय नहीं मिल सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *