दरभंगा बम विस्फोट में घायल मजदूर की पटना में इलाज के दौरान मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्का जाम और बवाल

7.5kViews
1762 Shares

पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी चंचलनगर में विवादित भूमि पर मंगलवार की सुबह हुए बम विस्फोट में घायल दो मजदूरों में से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सियाकांत पासवान के 27 वर्षीय पुत्र कमलेश पासवान उर्फ भोला के रूप में हुई है। उसने पीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं दूसरे घायल मजदूर लक्ष्मी पासवान के पुत्र रामबाबू पासवान का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। जख्मी एक मजदूर की मौत की सूचना से इलाके में आक्रोश फैल गया।

दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग

गुस्साए ग्रामीणों ने लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य पथ पर चंदनपट्टी चौक तथा चंचलनगर मुख्य मार्ग को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

स्थिति को देखते हुए एपीएम, पतोर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस के साथ जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *