शिव की साधना में लीन प्रयागराज के डॉक्टरों ने साइकिल से निकाली कांवर यात्रा, काशी विश्वनाथ का करेंगे जलाभिषेक

1686 Shares

 सावन के महीने में भगवान शिव की साधना और जलाभिषेक के लिए डॉक्टरों ने शनिवार को प्रयागराज से वाराणसी के लिए साइकिल यात्रा निकाली। इसमें इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य शामिल हुए।

एएमए भवन से भोर में निकले डॉक्टरों ने पहले तो दशाश्वमेध घाट से गंगाजल लेकर वाराणसी रवाना हो गए। एएमए के अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाई। हर-हर महादेव का घोष करते हुए डॉक्टरों को टू व्हील्स थ्रिल ग्रुप आगे बढ़ गया।

धार्मिक अवसर हो या फिर राष्ट्रीय पर्व। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टरों की इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी होती है। एसोसिएशन का अपना एक साइकिल ग्रुप है जो कि प्रत्येक सप्ताह किसी जगह साइकिल से जाते हैं। लोगों को सेहत का संदेश देते हैं कि आधुनिक जमाने में जबकि ज्यादातर घरों लग्जरी गाड़ियां हैं फिर भी कम से कम एक घंटे साइकिल चलाना चाहिए।

यह ग्रुप विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा भी साइकिल से ही करता है। शृंगवेरपुर धाम, वाराणसी, चित्रकूट समेत आसपास के अन्य धार्मिक स्थलों पर यह ग्रुप साइकिल चलाते हुए जा चुका है। हर साल सावन के महीने में डॉक्टरों का साइकिल दल टू व्हील्स थ्रिल, प्रयागराज वाराणसी जाता है।

गुड मॉर्निंग नहीं, हर-हर महादेव

डॉक्टर जब भोर में एएमए भवन पहुंचे तो एक दूसरे का अभिवादन रोज की तरह गुड मॉर्निंग से नहीं बल्कि हर-हर महादेव बोलकर किया। डॉक्टरों ने एक-दूसरे का साइकिल यात्रा में स्वागत किया। वरिष्ठ और पूर्व पदाधिकारियों ने बधाई और शुभकामना देकर रवाना किया।

इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के टू व्हील्स थ्रिल ग्रुप में डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. सुभाष चन्द्र वर्मा, डॉ. अतुल दुबे, डॉ. जेवी राय, डॉ. अनिल शुक्ला, डॉ. बीके सिंह, डॉ. सुबोध जैन, डॉ. हिमांशु भूषण, डॉ. अनुराग वर्मा, डॉ. उत्सव सिंह, डॉ. पंकज खत्री, डॉ. आशु पाण्डेय, डॉ. गोपेश चौकसे, डॉ. अरुण तिवारी समेत 20 से अधिक डॉक्टरों ने भाग लिया। संचालन एएमए के खेल सचिव डॉ. अतुल दुबे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *