कानपुर में बिजली संकट: साकेत नगर उपकेंद्र पर उपभोक्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, अधिकारी फरार

शहर वासियों को बिजली आपूर्ति करने में केस्को पूरी तरह से फेल हो चुका है। अभी शनिवार की देर शाम को बर्रा क्षेत्र में नई बस्ती के लोगों ने सब स्टेशन को घेरा था, वहीं रविवार देर शाम को साकेत नगर के लोगों ने भी सब स्टेशन पर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

केडीए मार्केट में 250 एमवीए के ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर क्षेत्र के लोगों ने सब स्टेशन का घेर लिया है। मोहल्ले के लोगों का हंगामा देखकर मौके से अवर अभियंता और कर्मचारी सब स्टेशन से भाग गए हैं।

सब स्टेशन पर प्रदर्शन कर रहे दीपक सिंह, अतुल सक्सेना, बऊवा और पीयूष शुक्ला ने बताया कि केडीए मार्केट का ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से दिक्कत कर रहा है। सब स्टेशन के अधिकारी बिजली आपूर्ति में बाधा दूर नहीं कर पा रहे हैं। समस्या को टालते हैं।

वहीं, दीपशिखा गेस्ट हाउस के पास का ट्रांसफार्मर 15 दिन से दिक्कत कर रहा है। ट्राली वाले ट्रांसफार्मर की बार-बार मांग की जा रही है, लेकिन केस्को के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बिजली की अव्यवस्था में पूरा मोहल्ला परेशान है। अति होने के बाद उन लोगों ने रविवार देर रात को सब स्टेशन को घेरा है। समस्या सुनने के लिए मौके पर कोई भी जिम्मेदार मौजूद नहीं है।

वहीं दूसरी तरफ, सुपरवाइजर प्रह्लाद ने बताया कि जेई मौके पर मौजूद नहीं है। केडीए मार्केट में तीन ट्रांसफार्मर हैं जो ओवरलोड हैं। शनिवार सुबह 10:30 बजे केडीए मार्केट का एक ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसकी मरम्मत हुई और दोबारा शाम 5:30 बजे के दौरान बिजली आपूर्ति चालू की गई थी। ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बिजली आपूर्ति में बार-बार बाधा आ रही है। दीपशिखा का ट्रांसफार्मर भी फुंक गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *