बेंगलुरु में शिक्षक निकला भक्षक, लोहे की रॉड से मारा; गर्दन मरोड़कर 12 साल के बच्चे की हत्या

1586 Shares

 बेंगलुरु में येलाहंका के पास एक रेजिडेंशियल स्कूल के फिजिकल एजुकेशन टीचर (PT टीचर) पर आरोप है कि उसने 12 साल के बच्चे की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

यह घटना बागलूर के कदयारप्पनाहल्ली गांव में स्टर्लिंग इंग्लिश रेजिडेंशियल स्कूल में हुई। बच्चे के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने टीचर नारायण के खिलाफ BNS की धारा 101 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है।

12 साल के बच्चे की पीट-पीटकर हत्या

बच्चे के पिता ने PT टीचर पर आरोप लगाया कि नारायण ने लोहे की रॉड से उनके बेटे को मारा और उसकी गर्दन मोड़ दी, जिससे उसकी मौत हो गई। 12 साल के बच्चे की मौत के बाद बुधवार को स्कूल में बच्चे के माता-पिता और रिश्तेदारों ने विरोध-प्रदर्शन किया।

सुबेदारपाल्या के रहने वाले बच्चे के पिता ने मीडिया को बताया कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें सुबह करीब 6 बजे फोन करके बताया कि बच्चा बीमार पड़ गया है और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया है।

पिता ने बताया, ‘मेरा बेटा तब इस स्कूल में भर्ती हुआ था जब वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। स्कूल का दावा है कि आज सुबह जॉगिंग करते समय वह गिर पड़ा, लेकिन जब हम अस्पताल पहुंचे, तो वह मृत मिला। मुझे शक है कि स्कूल के अंदर कुछ हुआ है।’

पिता ने स्कूल टीचर पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘हमें बताया गया कि फिजिकल एजुकेशन टीचर नारायण ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस टीचर को बचा रही है।’

एक सीनियर पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्कूल मैनेजमेंट ने कहा, ‘बच्चा लगभग 10 मीटर दौड़ने के बाद गिर पड़ा। बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं। बहरहाल, हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’

इस मामले की जांच कर रहे एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘हमने PT टीचर को नोटिस जारी कर हमारे सामने पेश होने का निर्देश दिया है। साथ ही, घटना के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए हम स्कूल से CCTV फुटेज भी इकट्ठा कर रहे हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *