कानपुर में नर्सिंग छात्रा ने फंदा लगा दी जान, जन्मदिन से छह दिन पहले उठाया खौफनाक कदम
कानपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा ने खौफनाक कदम उठाया। किराये के कमरे में उसने फंदा लगाकर जान दे दी। 12 जुलाई को छात्रा का जन्मदिन आने वाला था।
बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना स्थित बगदौधी बांगर में किराये के कमरे में रहकर रामा मेडिकल कालेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा ने सोमवार सुबह फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कुशीनगर जिले के टमकुही थाना क्षेत्र निवासी आशिया खातून मंधना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह बगदौधी बांगर में आर्मी कर्मी विष्णु प्रताप के मकान की दूसरी मंजिल पर किराये के कमरे में रहती थी। सोमवार सुबह पड़ोसी किरायेदार रेखा सिंह ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
संदेह होने पर उन्होंने रोशनदान से झांककर देखा तो छात्रा का शव चुनरी के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना पर मकान मालिक की साली नीलम की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंची बिठूर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने छात्रा के स्वजन को भी घटना की सूचना दे दी है।
मृतका की मौसेरी बहन शमां परवीन निवासी लखनऊ ने बताया कि आशिया दो भाइयों और दो बहने थी। उसके पिता बस चालक हैं। 12 जुलाई को उसका जन्मदिन था।
पुलिस आत्महत्या के कारण की जानकारी की जा रही है।
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया दरवाजा अंदर से बंद था। छात्रा ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वजनो के पहुंचने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

