अलीगढ़ विश्वविद्यालय की बड़ी कार्रवाई: एटा में पांच परीक्षा केंद्र डिबार, नकल पर लगाम

राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़ ने पहली बार परीक्षाओं में महाविद्यालयों की मनमानी तथा नकल करने सहित अन्य अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। जिले में परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के बाद परीक्षा नियंत्रक ने जहां बोल-बोल कर नकल कराने तथा परीक्षा कक्ष में मोबाइल के साथ परीक्षार्थियों की उपस्थिति का संज्ञान लेते हुए पांच महाविद्यालयों को डिबार करने की कार्रवाई की है।

दूसरी ओर सीसीटीवी संचालित न करने की स्थिति में पांच अन्य महाविद्यालयों को नोटिस के साथ भविष्य में केंद्र बनाए जाने के दौरान संज्ञान लेने की भी निर्देश दिए हैं।

बोल-बोल कर नकल करने और मोबाइल संग उपस्थित पर परीक्षा नियंत्रक की बड़ी कार्रवाई

यहां बता दें कि जिले में 16 अप्रैल से विश्वविद्यालय की सम सेमेस्टर परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहले विश्वविद्यालय परीक्षाओं में केंद्र संचालकों की मनमानी तथा नकल के नाम पर अवैध वसूली जैसी स्थितियों पर अंकुश लगाने के लिए इस बार शुरू से ही जिले पर विश्वविद्यालय की नजर रही। परीक्षा के दौरान स्वयं परीक्षा नियंत्रक डॉ. धीरेंद्र कुमार वर्मा ने भी फीडबैक लिया। अभी 16 मई तक परीक्षाएं आयोजित की जानी है इससे पहले की परीक्षा केंद्रों के फीडबैक के आधार पर परीक्षा नियंत्रक द्वारा कार्रवाई की गई है।

सीसीटीवी बंद होने पर पांच महाविद्यालयों को भी नोटिस

शहर के अलीगंज रोड स्थित दीनबंधु दीनानाथ कालेज में सात मई को परीक्षा कक्ष में बोल-बोल कर नकल करने की स्थिति सामने आने के बाद केंद्र को तीन वर्ष के लिए डिबार किया गया है। ठीक यही स्थिति 22 अप्रैल को डॉ. रामकुमार गायत्री देवी महाविद्यालय राजा का रामपुर में पाई गई। इस केंद्र को भी तीन साल के लिए डिबार करते हुए संबंधित दिवस के प्रश्नपत्र को निरस्त कर अगले सत्र में बैक परीक्षा कराई जाएगी।

दो अलग समूह बनाकर नकल कराई जाने पर भी केंद्र को एक साल के लिए डिबार

एटा शहर के गांधी मार्केट स्थित पुष्पा देवी गर्ल्स कॉलेज में सात मई को परीक्षार्थियों के दो अलग समूह बनाकर नकल कराई जाने पर भी केंद्र को एक साल के लिए डिबार कर दिया गया है।

इसी क्रम में एटा शहर के ही महाराणा प्रताप नगर स्थित राम श्री शिक्षा महिला महाविद्यालय में 11 मई को परीक्षार्थियों द्वारा मोबाइल के साथ परीक्षा देने के मामले में संबंधित प्रश्नपत्र निरस्त करते हुए केंद्र को एक साल के लिए डिबार किया गया है।

इसी तरह 12 मई को बदन सिंह कन्या महाविद्यालय सकीट पर निरीक्षण के दौरान परीक्षार्थी पर मोबाइल पाए जाने की स्थिति में केंद्र को एक सेमेस्टर के लिए डिबार तथा संबंधित कक्ष निरीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने की स्थिति में कार्रवाई

इसी क्रम में लगातार चेतावनी के बावजूद भी परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद पाए जाने की स्थिति में भूरी सिंह महाविद्यालय कुशवा जलेसर, दीनबंधु दीनानाथ महाविद्यालय अलीगंज रोड एटा, डॉ. रामकुमार गायत्री देवी महाविद्यालय राजा का रामपुर, जनता महाविद्यालय केल्ठा अलीगंज, राम प्रकाश सिंह बालिका कॉलेज धुमरी को भी नोटिस जारी किया गया है।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि संबंधित महाविद्यालयों को चेतावनी जारी करते हुए अगले सत्र में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के समय अनियमिताओं का संज्ञान लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *