इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में की बमबारी, 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान में शनिवार को इजरायली हमलों में नौ लोग मारे गए। दक्षिणी गांव अंसार में इजरायली युद्धक विमानों द्वारा एक घर पर हमला करने से सात लोग मारे गए, जबकि दीर अल जहरानी गांव पर हमले में दो अन्य लोग मारे गए। इन हमलों में 11 लोग घायल हुए।
ये हमले लेबनान द्वारा इजरायल के साथ अमेरिका की मध्यस्थता से हुए शांति समझौते पर सहमति जताने के बाद के हफ्तों में हुए सबसे घातक हमलों में से हैं। समझौते के तहत हिजबुल्ला के निरस्त्र होने और लेबनानी सेना द्वारा नियंत्रण लेने तक इजरायली सैनिक कब्जे वाले दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेंगे।
ईरान समर्थित समूह ने इन शर्तों को आत्मसमर्पण करार दिया है। हिजबुल्ला प्रमुख नईम कासिम ने कहा, “यह ढांचागत समझौता इजरायली स्याही से लिखा गया एक इजरायली आदेश है, जिस पर लेबनानी अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए हैं।”
इजरायली सेना ने कहा कि उसने अपने सैनिकों के खिलाफ की गई कार्रवाई के जवाब में दक्षिणी लेबनान के एक सुरक्षा क्षेत्र में हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे पर रात भर हमला किया।
सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, अंसार में मारे गए सात लोगों में तीन बच्चे और दो महिलाएं शामिल थीं। लेबनान के अधिकारियों ने हमलों की निंदा की। प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने कहा, “अंसार गांव पर इजरायली हमले में मारे गए लोग ‘सैन्य ढांचा’ नहीं हैं और इसमें मारी गई महिलाएं और बच्चे सैन्य लक्ष्य नहीं थे।”

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

