आगामी ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन व पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
इसमें डीएम अविनाश कुमार व एसएसपी नीरज जादौन ने बड़ा निर्णय लेते हुए संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के लिए भी आदेश दिए।
डीएम-एसएसपी ने शांति समिति बैठक में अफवाह फैलाने वालों को दी कड़ी चेतावनी
बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ धर्मगुरु एवं विभिन्न समुदायों के संभ्रांत लोग शामिल हुए। डीएम व एसएसपी ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे व परंपरागत तरीके से मनाने की अपील की। निर्धारित स्थलों पर नमाज अदा करने का निर्णय लिया गया।
निर्धारित स्थलों पर होगी नमाज
बैठक में यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा, पार्किंग व साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। एसएसपी ने कहा कि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर सख्त कार्रवाई होगी। आमजन से अपील की गई कि बिना पुष्टि किसी संदेश को साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
मजिस्ट्रेटी व्यवस्था को भी किया जाएगा शहर में लागू
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त भी बढ़ाई जाएगी। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले इलाकों व संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। इससे किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके। बैठक में एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


