सारण में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव; हत्‍या या आत्‍महत्‍या? जांच में होगा खुलासा

जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के शिवरहिंया गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव की एक गाछी में आम के पेड़ से एक युवक का शव फंदे से लटका मिला।

उसकी पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव के तेजपूर्वा टोला निवासी 39 वर्षीय गुड्डू साह के रूप में की गई। वह साधु साह का पुत्र है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर गड़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार शिवरहिंया गांव निवासी रामस्वरूप सिंह की गाछी में शनिवार की सुबह कुछ ग्रामीण पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर आम के पेड़ से रस्सी के फंदे से लटके युवक पर पड़ी।

शव देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली।

आधार कार्ड से हुई पहचान

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से मिले आधार कार्ड मिला। पहचान होने के बाद पुलिस ने स्वजन को घटना की सूचना दी।

घटना को लेकर उठ रहे कई सवाल

युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोग घटना को आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से जोड़कर देख रहे हैं।

हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक के वहां आने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *