सियासी घमासान के बीच पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र, श्रद्धांजलि के बाद कार्यवाही स्थगित; अब टिकी हैं विश्वासमत पर नजरें

 पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र शुक्रवार को तीखे सियासी माहौल के बीच शुरू हुआ। कार्यवाही की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी चमन लाल, प्रख्यात फोटोग्राफर रघु राय और हॉकी खिलाड़ी गुरबख्श सिंह ग्रेवाल समेत कई हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सदन में शोक प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद कार्यवाही को सुबह 11:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

सत्र की शुरुआत के साथ ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां आम आदमी पार्टी सरकार आज विश्वासमत प्रस्ताव लाने की तैयारी में है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों ने सरकार को घेरने के लिए मोर्चा खोल दिया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा सदन में विश्वासमत प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। पार्टी ने अपने सभी विधायकों को व्हिप जारी कर समय से पहले विधानसभा पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

उधर, कांग्रेस ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों के मुद्दे की आड़ में राजनीतिक ड्रामेबाजी कर रही है। कांग्रेस विधायक पगरट सिंह ने कहा कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है और न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने का प्रस्ताव केवल दिखावा है।

दूसरी तरफ भाजपा ने भी आक्रामक रुख अपनाते हुए अलग से सत्र बुलाकर सरकार को घेरने रही है । भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ रही है और सरकार बहुमत खो चुकी है। पार्टी का दावा है कि आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

इसी बीच, आम आदमी पार्टी के छह राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने की खबरों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि, आप नेताओं ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सरकार को कोई खतरा नहीं है। विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि भाजपा चाहे जितनी कोशिश कर ले, पंजाब में सरकार नहीं बना पाएगी।

गौरतलब है कि 117 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 59 विधायकों की जरूरत होती है और आप के पास फिलहाल पर्याप्त संख्या बताई जा रही है। इसके बावजूद जारी घटनाक्रम ने सियासी माहौल को बेहद संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजरें विश्वासमत प्रस्ताव पर टिकी हैं, जिससे सरकार की स्थिति साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *