77 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन मथुरापुर रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण प्रक्रिया के तहत नाला निर्माण एवं वृक्षों की कटाई का रास्ता साफ हो गया है। जिससे रोड ओवरब्रिज के निर्माण प्रक्रिया में गति आने की संभावना प्रबल होती दिख रही है।
वहीं, मथुरापुर गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक नाला निर्माण से मथुरापुर पंचायत के हजारों लोगों को भी जल जमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद दिख रही है।
मालूम हो कि मथुरापुर रेलवे ढाला पर आरओबी का निर्माण कार्य शुरू होते ही बाधाओं का अंबार सामने खड़ा हो गया। जिसमें मथुरापुर गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक सड़क एवं नाला का निर्माण किया जाना एवं ज्ञानी चौक से मथुरापुर रेलवे ढाला तक लगे 33 वृक्षों को हटाने का मामला शामिल रहा।
मथुरापुर रेलवे ढाला के उत्तरी हिस्से में ज्ञानी चौक के पश्चिमी हिस्से में पथ निर्माण विभाग के अधीन खगड़िया- बखरी पथ है, जबकि ज्ञानी चौक के पूरब गांधी चौक के रास्ते पथ निर्माण विभाग की खगड़िया- अलौली पथ है। इसके अलावा मथुरापुर गांधी चौक से खगड़िया स्टेशन रैक पाइंट के रास्ते जिले के पूर्वी हिस्से का आवागमन है।
गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक लगभग 1500 फीट हिस्से में चौड़ी सर्विस रोड के अलावा बड़ा नाला का जरूरत महसूस किया जा रहा था। गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक पूर्व में बने छोटा नाला से वार्ड नंबर छह समेत पूरे पंचायत के जल निकासी का रास्ता था। गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक कई स्थानीय निवासियों के द्वारा सड़क को अतिक्रमित कर अस्थाई निर्माण भी कर लिया गया था।
ज्ञानी चौक से गांधी चौक तक वाहनों के आवागमन की व्यस्तता को देखते हुए 18 फीट चौड़े सर्विस रोड का निर्माण किया जा रहा है। वहीं वार्ड नंबर- छह समेत मथुरापुर पंचायत के लोगों के जल निकासी को लेकर एक मीटर (3.25 फीट) चौड़ा नाला का निर्माण किया जा रहा है।
इधर, काफी जद्दोजहद के बाद अतिक्रमण हटाने एवं बड़ा नाला का निर्माण का रास्ता साफ हो सका। जदयू नेता एवं वार्ड नंबर- छह निवासी अविनाश पासवान ने बताया कि पूर्व में छोटा नाला से जल निकासी होती थी। जिससे वार्ड के अलावा पंचायत के लोगों को जल जमाव की समस्या से जूझना पड़ता था। बड़ा नाला के निर्माण से इस वार्ड के अलावा अन्य वार्डों के हजारों लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, नाला निर्माण एवं वृक्षों की कटाई का रास्ता साफ होने के बाद ब्रिज के दो पिलर के अलावा सर्विस रोड एवं ‘आड़ी वाल’ निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मथुरापुर गांधी चौक से ज्ञानी चौक तक बड़ा नाला का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं वन विभाग के द्वारा वृक्षों की कटाई की अनुमति देने के बाद बीते मंगलवार से वृक्षों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता मुनिंद्र ठाकुर ने बताया कि गांधी चौक के पश्चिमी हिस्से में बड़ा नाला का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे ढाला पर लगे वृक्षों को हटाने का कार्य भी आरंभ कर दिया गया है।


