जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर में दर्दनाक हादसा हुआ। महमदपुर गांव स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गए चार किशोर और एक किशोरी गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने लगे। तीन को तो बचा लिया गया लेकिन दो किशोर लापता हैं।
दो लापता किशोर की एसडीआरएफ टीम कर रही तलाश
उन्हें डूबते हुए देखकर घाट पर मौजूद परिवार के लोगों ने शोर-शराबा करना शुरू कर दिया। वहां मौजूद नाविकों ने गंगा में कूदकर दो किशोर व एक किशोरी को तो बचा लिया, जबकि दो किशोरों का पता नहीं चल सका। उन दोनों की तलाश के लिए पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया है।
गंगा पूजन के लिए घाट पर गए थे स्वजन
महमदपुर गांव निवासी संतोष निषाद के घर में दो दिन पूर्व शादी थी। गुरुवार को घर-परिवार के लोग गंगा पूजन के लिए गांव स्थित घाट पर गए हुए थे। दोपहर करीब 12 बजे संतोष निषाद के भाई सोहन लाल का 13 वर्षीय बेटा आर्यन, 10 वर्षीय बेटा युवराज, नंदलाल निषाद का 11 वर्षीय बेटा अर्जुन, 15 साल की बेटी आंचल व गणेश चंद्र का 10 साल का बेटा गंगा स्नान करने लगे।
अभी तक डूबे दो किशोर का पता नहीं चला
इसी बीच गहरे पानी में जाने के कारण सभी पांचों गंगा में डूबने लगे। घाट पर मौजूद नाविकों ने युवराज, आंचल व राजकुमार को तो बचा लिए, लेकिन आर्यन व अर्जुन का पता नहीं चल सका। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम के सदस्य दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं, हालांकि अभी उन्हें सफलता नहीं मिली है।


