विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की यात्रा भक्तो के सैलाह उमड रहा है। यात्रा के 22 दिन में 5.23 लाख श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के शुरुआती चरण से ही रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल बना हुआ है।
गत 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद लगातार यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को 32427 यात्रियों ने केदार बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। अब तक 5,23,582 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा
पैदल यात्रा मार्ग पर जगह-जगह विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। वहीं धाम क्षेत्र में स्वच्छता, आवास व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाया गया है।
बेहतर व्यवस्थाओं का ही परिणाम है कि देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु प्रशासन और सरकार की कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना कर रहे हैं। पंजाब के रोपड़ से आए श्रद्धालु दिवाकर ने कहा कि दर्शन व्यवस्था बेहद सरल और सुगम रही तथा प्रशासन हर समय सहायता के लिए उपलब्ध रहा। अहमदाबाद से आई माही ने भी व्यवस्थाओं को अपेक्षा से बेहतर बताया और आभार जताया।


