रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर रखी गई अयोध्या धाम में बनी श्रीराम मंदिर की प्रतिमूर्ति यात्रियों को आकर्षित कर रही है। खास बात यह है कि यह मंदिर रेलवे के स्क्रैप (खराब पड़े लोहे आदि) से बनाया गया है। कोचिंग डिपो और दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) के इंजीनियरों की टीम ने इसे स्वयं तैयार किया है।
मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) लखनऊ गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता, सीडीओ बलराम और स्टेशन डायरेक्टर रतन दीप गुप्ता की उपस्थित में यह मंदिर प्लेटफार्म नौ स्थित स्लीपिंग पाड के नीचे रखा गया। डीआरएम ने इंजीनियरों को बधाई देते हुए उनके हुनर की सराहना की।
कहा कि इसे और सुसज्जित कर ऊंचे स्थान पर स्थापित किया जाए। डीआरएम ने इस दौरान रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया। साथ चल रहे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मार्गदर्शन में रेलवे स्टेशन खासकर उत्तरी द्वार और प्लेटफार्म नंबर नौ का सौंदर्यीकरण हो रहा है। प्लेटफार्म पर लगे फव्वारे यात्रियों को सुकून पहुचा रहे हैं। दीवारों पर की गई पेंटिंग आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। साफ-सफाई अभियान चलाकर चारों तरफ हरियाली फैलायी जा रही है।


