रिटायर्ड महिला जज की बहू की संदिग्ध मौत, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड महिला जज की बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए मृतका के पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिवार के अनुसार, मौत से महज 15 मिनट पहले मृतका अपनी मां और भाई से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसका पति कमरे में आया और कुछ विवाद हुआ। अचानक फोन कट गया। मात्र 15 मिनट बाद मृतका की सास (रिटायर्ड जज गिरबाला सिंह) ने फोन कर परिवार को मौत की सूचना दे दी।

मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की मौत सामान्य नहीं है। शव पर हाथों और कान के पास नीले चोट के निशान मिले हैं।

उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया है कि बहन की हत्या की गई है और उसे फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश की जा रही है। परिवार ने यह भी बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई

कटारा हिल्स पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा। परिजनों ने भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को लिखित शिकायत दी है और उनसे मुलाकात भी की है। उन्होंने मामले में तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

डेटिंग एप के जरिए मिले, दिसंबर 2025 में हुई शादी

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। वर्ष 2024 में एक डेटिंग एप के जरिए ट्विशा की मुलाकात कटारा हिल्स में रहने वाले वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ पूर्व प्रधान न्यायधीश गिरबाला सिंह के बेटे हैं। दोनों की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी।

शादी के बाद ट्विशा अपनी नौकरी छोड़कर भोपाल में ही रहने लगी थीं। कटारा हिल्स थानाप्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात ट्विशा को फंदे से उतारकर पति और सास अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली।

नोएडा लौटना चाहती थी ट्विशा

मृतका के भाई हर्षित शर्मा भारतीय सेना में मेजर हैं। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि मंगलवार रात 10.05 बजे तक उनकी बहन से फोन पर बातचीत हो रही थी।

ट्विशा ने उन्हें बताया था कि पिछले कई दिनों से पति द्वारा मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है और वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती हैं। परिवार के अनुसार उसने घर लौटने के लिए रिजर्वेशन भी करा लिया था।

हर्षित का आरोप है कि बातचीत के दौरान अचानक उसका पति कमरे में आ गया, जिसके बाद फोन कट गया। करीब 15 मिनट तक किसी का फोन नहीं आया और फिर रात लगभग 10.20 बजे सास का फोन आया कि ट्विशा ने फांसी लगा ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *