लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को हरा दिया। इस जीत के बाद भी लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत को सजा मिली है। पंत पर नियमों के उल्लंघन का आरोप है और इसी कारण उनकी मैच फीस में से अच्छी-खासी रकम की कटौती की जाएगी।
लखनऊ ने चेन्नई को अपने घर में एकतरफा अंदाज में मात दी। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 187 रन। लखनऊ ने ये स्कोर 16.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के बाद पंत की जेब से 12 लाख रुपये की कटौती हुई है।
इस कारण लगा जुर्माना
बीसीसीआई ने शनिवार को बयान जारी कर बताया है कि पंत पर धीमी ओवर गति के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बयान में कहा गया है, “लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना लगाया गया है। ये पहली बार है जब पंत ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 का उल्लंघन किया है। इसी कारण उन पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।”
खराब रहा प्रदर्शन
लखनऊ की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। उसका इस सीजन प्रदर्शन काफी खराब रहा है। उसने अभी तक 12 मैच खेले हैं और सिर्फ चार में ही उसने जीत हासिल की है। वहीं आठ मैचों में उन्होंने हार का सामना करना पड़ा है। उनके आठ अंक है और वह अंक तालिका में सबसे नीचे आठवें स्थान पर है। पंत की कप्तानी में ये लखनऊ का लगातार दूसरा सीजन है, लेकिन वह टीम को सफलता नहीं दिला पाए हैं। पंत का खुद का प्रदर्शन सवालों के घरे में रहा है।


