बंगाल के बहरमपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, TMC नेता के करीबी के घर से पिस्तौल, कारतूस और मैगजिन बरामद

1900 Shares

 बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर शहर में तृणमूल नेता के एक करीबी के घर से भारी संख्या में आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने शनिवार को गिरजापाड़ा इलाके में छापेमारी कर तीन पिस्तौल, 140 राउंड कारतूस और चार मैगजिन बरामद किए। मामले में घर की गृहस्वामिनी टुकु सरकार को गिरफ्तार किया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बहरमपुर टाउन युवा तृणमूल अध्यक्ष पापाई घोष के करीबी बताए जाने वाले असीम सरकार के घर पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया था।

पुलिस का अनुमान है कि इलाके में किसी हमले की साजिश रची जा रही थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही घर मालिक असीम सरकार और कथित आरोपित नेता फरार हो गए।

शनिवार को गिरफ्तार महिला को बहरमपुर जिला जज अदालत में पेश किया गया। जांच के हित में पुलिस ने 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की थी। हालांकि अदालत ने आरोपित महिला को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।

पुलिस अब फरार आरोपित नेता और घर मालिक की तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे, उन्हें घर में किस उद्देश्य से जमा किया गया था और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *