रोहित शर्मा को मिल गई जबरा फैन, सेल्फी लेते हुए फोन हो गया बंद; फिर हिटमैन ने जो किया वो हो गया वायरल- Video

रोहित शर्मा भारत के महान क्रिकेटरों में शामिल हैं। उनकी फैन फॉलोइंग हर जगह है। रोहित जहां जाते हैं वहां उनके फैन होते हैं। लेकिन इस बार जो रोहित का अपनी एक फैन को लेकर अनुभव रहा उससे हिटमैन भी हैरान रह गए और परेशान भी हो गए।

रोहित होटल से निकल रहे थे और टीम बस की तरफ जा रहे थे। तभी एक महिला फैन उनके पास भागती हुई आई और रोहित से गले लगने की कोशिश की। हालांकि, रोहित ने तुरंत उन्हें संभाला और हाथ मिलाया।

फोन हो गया बंद

इस बीच वह रोहित के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर ही थीं और कह रही थीं, ‘आप बेस्ट हो, आप बेस्ट हो’। तभी एक बच्चा और दौड़ता हुआ रोहित के पास आया। रोहित ने उसके साथ फोटो खिंचवाई। इसी दौरान जो महिला पहले से रोहित के साथ सेल्फी ले रही थीं वो फोटो नहीं ले पाईं क्योंकि उनका फोन बंद हो गया। उनकी ये बात सुनते ही रोहित मुस्कुराते हुए बस की तरफ चले गए।

हालांकि, वो मैडम मानी नहीं और जोर-जोर से चिल्लाते हुए रोहित से अपील करने लगी और कहने लगीं, “मेरा फोन बंद हो गया था।” टीम बस के पास खड़े रोहित ने कहा, “तो अभी क्या करूं मैं।” तभी वो मैडम दूसरा फोन लेकर आईं और सेल्फी लेने के बाद काफी खुश होते हुए गईं। रोहित इस दौरान हंस भी रहे थे और थोड़ा परेशान भी दिख रहे थे।

वीडियो हो गया वायरल

रोहित की आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो पोस्ट किया है जो इस समय जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद हंसी आना लाजमी है। वीडियो में रोहित की मासूमियत का भी अंदाजा लगता है।

मुंबई को अपना अगला मैच रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए खेलना है। रविवार को खेले जाने वाले मैच में सभी की नजरें रोहित पर रहेंगी जिन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मैच में दमदार बल्लेबाजी की थी। आरसीबी के खिलाफ भी रोहित से ऐसी ही उम्मीद है। हालांकि, मुंबई का प्लेऑफ में जाना लगभग नामुमकिन सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *